हमसे किसका काम बनेगा कोई क्या ले जाएगा - कांतिमोहन सोज़

kaantimohan sozकांतिमोहन सोज़14 Jul 1936

4 min read · 12.4K reads

हमसे किसका काम बनेगा कोई क्या ले जाएगा ।
अपना छप्पर फूँकनेवाला साथ हमारे आएगा ।।

हम हैं निगोड़े हम हैं भगोड़े हम हैं निकम्मे हम काहिल
जिस दम महफ़िल रंग पे होगी हमसे रहा न जाएगा ।

महफ़िल-महफ़िल ज़ख़्म सजे हैं बिखरे फूल खराबे में
मीरे-ज़माना ये तो बता दे आगे क्या दिखलाएगा ।

ग़ुँचा-ग़ुँचा ज़हरआलूदा बूटा-बूटा साग़रे-सम
इस गुलशन में इश्क़ का नग़मा छेड़ तो माना जाएगा ।

इतना ज़ुल्म न कर दुनिया से उठ ही जाए दिलबाज़ी
वरना कौन तेरे मक़्तल में तान के सीना आएगा ।

वाए-क़यामत सर हैं सलामत सूने पड़े हैं दारो-रसन
हमको बानी कौन कहेगा रहबर कौन बनाएगा ।

सोज़ हमारे बाद जहां को याद हमारी आएगी
खस्तादिलों की आहो-बुका को बिजली कौन बनाएगा ।।

18-1-1985
kaantimohan soz
About the poet

kaantimohan soz कांतिमोहन सोज़

कांतिमोहन सोज़ हिंदी भाषा के एक सुप्रसिद्ध लेखक। Kantimohan Soz is a well-known writer of Hindi language.

View profile & all 147 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like