चंदा मामा आओ ना - कमलेश द्विवेदी

कमलेश द्विवेदीकमलेश द्विवेदी25 Sept 1960 – 17 Sept 2021

4 min read · 12.4K reads

चंदा मामा-चंदा मामा तुम धरती पर आओ ना।
कैसे इतनी मौज उड़ाते हमको यह बतलाओ ना।

घर पर रहते नहीं हमेशा,
टाइम कहाँ बिताते हो।
अक्सर हमें दिखाकर चेहरा,
तुम गायब हो जाते हो।
जहाँ घूमने जाते हो तुम हमको वहीं घुमाओ ना।
चंदा मामा-चंदा मामा तुम धरती पर आओ ना।

हम विद्यालय से गायब हों,
तो टीचर की डाँट सुनें।
घर से पल भर गायब हों तो,
मम्मी-पापा हमें धुनें।
टीचर-मम्मी-पापा सबको आओ कुछ समझाओ ना।
चंदा मामा-चंदा मामा तुम धरती पर आओ ना।

गायब होना अगर भला है,
तो हम पीटे जाते क्यों।
और अगर यह बुरी बात है,
तो तुम हमें सिखाते क्यों।
जितनी डाँट-मार हम खाते उतनी तुम भी खाओ ना।
चंदा मामा-चंदा मामा तुम धरती पर आओ ना।
कमलेश द्विवेदी
About the poet

कमलेश द्विवेदी

View profile & all 176 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like