बन्दर मामा मोटर लाये - कमलेश द्विवेदी

कमलेश द्विवेदीकमलेश द्विवेदी25 Sept 1960 – 17 Sept 2021

4 min read · 12.4K reads

एक पुरानी मोटर गाड़ी बन्दर मामा लाये।
जोर-जोर से हॉर्न बजाते जंगल में वह आये।

सभी जानवर हुये इकट्ठा सबने देखी मोटर।
बन्दर मामा से बोले सब-हमें घुमा दो इस पर।

नहीं किसी को बैठाऊँगा कहना नहीं दुबारा।
यह कह करके बन्दर मामा लेकर चले खटारा।

मोटर गाड़ी बंद हो गयी कुछ दूरी पर जाकर।
जानवरों को बिल्ली ने यह ख़बर बताई आकर।

सभी जानवर पहुँचे सबने धक्का एक लगाया।
जब गाड़ी स्टार्ट हो गयी मज़ा सभी को आया।

मुझको कर दो माफ़ दोस्तों-बन्दर मामा बोले।
सबको रोज़ घुमाऊँगा मैं ओले-ओले-ओले।

मोटर गाड़ी पर चढ़कर सब निकले हँसते-गाते।
सच्चे दोस्त वही होते जो काम दोस्त के आते।
कमलेश द्विवेदी
About the poet

कमलेश द्विवेदी

View profile & all 176 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like