चित्रलिखित मुस्कान सजी है चेहरों पर - जहीर कुरैशी

जहीर कुरैशीजहीर कुरैशी5 Sept 1950 – 20 Sept 2021

3 min read · 12.4K reads

चित्रलिखित मुस्कान सजी है चेहरों पर,
मुस्कानों की ?सेल? लगी है चेहरों पर ।

शहरों में, चेहरों पर भाव नहीं मिलते,
भाव-हीनता ही पसरी है चेहरों पर ।

लोग दूसरों की तुक-तान नहीं सुनते,
अपना राग, अपनी डफली है चेहरों पर ।

दोस्त ठहाकों की भाषा ही भूल गए,
एक खोखली हँसी लदी है चेहरों पर ।

लोगों ने जो भाव छिपाए थे मन में,
उन सब भावों की चुगली है चेहरों पर ।

मीठे पानी वाली नदियाँ सूख गई,
खारे पानी की नद्दी है चेहरों पर ।

एक गैर-मौखिक भाषा है बहुत मुखर,
शब्दों की भाषा गूँगी है चेहरों पर ।
जहीर कुरैशी
About the poet

जहीर कुरैशी

View profile & all 29 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like