अपने घर के लोग - जगदीश व्योम

जगदीश व्योमजगदीश व्योम1 Sept 1960

4 min read · 12.4K reads

औरों की भर रहे तिजोरी
अपने घर के लोग

सच कहना तो ठीक
मगर
इतना सच नहीं कहो
जैसे सहती रहीं पीढ़ियाँ
तुम भी वही सहो

आजादी है, बोलो
लेकिन
कुछ भी मत बोलो
जनता के मन में
सच्चाई का विष
मत घोलो

नियति-नटी
कर रही सदा से
ऐसे अजब प्रयोग

राजा चुप
रानी भी चुप है
चुप सारे प्यादे
सिसक रहे सब
सैंतालिस से
पहले के वादे

घर का कितना
माल-खजाना
बाहर चला गया
बहता हुआ पसीना
फिर
इत्रों से छला गया

जो बोला,
लग गया उसी पर
एक नया अभियोग

सहम गई है हवा
लग रहा
आँधी आएगी
अहंकार के छानी-छप्पर
ले उड़ जाएगी

भोला राजा रहा ऊँघता
जनता बेचारी
सभासदों ने
कदम-कदम पर
की है मक्कारी

कोई अनहद उठे
कहीं से,
हो ऐसा संयोग
जगदीश व्योम
About the poet

जगदीश व्योम

View profile & all 38 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like