पानी को पानी कह पाना - जगदीश व्योम

जगदीश व्योमजगदीश व्योम1 Sept 1960

4 min read · 12.4K reads

इतना भी
आसान कहाँ है !
पानी को पानी कह पाना !

कुछ सनकी
बस बैठे ठाले
सच के पीछे पड़ जाते हैं
भले रहें गर्दिश में
लेकिन अपनी
ज़िद पर अड़ जाते हैं
युग की इस
उद्दण्ड नदी में
सहज नहीं उल्टा बह पाना !
इतना भी.... !!

यूँ तो सच के
बहुत मुखौटे
क़दम-क़दम पर
दिख जाते हैं
जो कि इंच भर
सुख की ख़ातिर
फ़ुटपाथों पर
बिक जाते हैं
सोचो !
इनके साथ सत्य का
कितना मुश्किल है रह पाना !
इतना भी............. !!

जिनके श्रम से
चहल-पहल है
फैली है
चेहरों पर लाली
वे शिव हैं
अभिशप्त समय के
लिए कुण्डली में
कंगाली
जिस पल शिव,
शंकर में बदले
मुश्किल है ताण्डव सह पाना !
इतना भी........  !!
जगदीश व्योम
About the poet

जगदीश व्योम

View profile & all 38 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like