गंगा बहुत उदास - जगदीश व्योम

जगदीश व्योमजगदीश व्योम1 Sept 1960

4 min read · 12.4K reads

गंगा बहुत उदास
भगीरथ कहाँ गए

लहरों ने
अपने तट खोए
तट लगते अब
रोए रोए
कूड़ा, कचरा
नाली, नाला
सब कुछ है
गंगा में डाला
हम इतने बेशर्म
इसी को
कहते रहे विकास
भगीरथ कहाँ गए

हम बेहद
हो गए सयाने
पाप किए
जाने अनजाने
सदियों जिसने
हमको पाला
हमने उसको
विष दे डाला
झेल रही
अपनी सन्तति का
अभिशापित संत्रास
भगीरथ कहाँ गए

कहाँ गए
अनुबन्ध पुराने
यह तो कोई
भगीरथ जाने
सगर पुत्र
फिर से अकुलाए
गंगा कौन
बचाकर लाए
पूछ रहे
जन जन के मन से
गंगा के उच्छ्वास
भगीरथ कहाँ गए

गंगा बहुत उदास
भगीरथ कहाँ गए ।
जगदीश व्योम
About the poet

जगदीश व्योम

View profile & all 38 Poems / Stories