गीत है वह - जगदीश पंकज

जगदीश पंकजजगदीश पंकज10 Sept 1952

3 min read · 12.4K reads

गीत है वह जो सदा आखें उठाकर
है जहाँ पर भी समय से
जूझता है

अर्धसत्यों
के निकल कर दायरों से
ज़िन्दगी की जो व्यथा को छू रहा है
पद्य की जिस खुरदरी, झुलसी त्वचा से
त्रासदी का रस
निचुड़ कर चू रहा है

गीत है वह जो कड़ी अनुभूतियों की
आँच से अनबुझ पहेली
बूझता है

कसमसाती चेतना की,
वेदना का प्रस्फुटन जिसमें गढ़ा है
गीत है वह जो सदा उद्दाम लहरों-सी
निरन्तरता लिए
आगे बढ़ा है

गीत है वह जो सहारा बन उभरता
जिस समय कोई न अपना
सूझता है
जगदीश पंकज
About the poet

जगदीश पंकज

View profile & all 24 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like