धूप आगे बढ़ गई - जगदीश पंकज

जगदीश पंकजजगदीश पंकज10 Sept 1952

3 min read · 12.4K reads

क्यों कंगूरों पर ठहरकर
धूप आगे बढ़ गई
है कहाँ मध्यान्ह
संध्या देहरी पर चढ़ गई

हर सुबह देखा तिमिर,
पीछे गया, आगे खड़ा है
आज बौनी सभ्यता का
आदमी कितना बड़ा है
नाप ही परछाइयों की
क्यों कहानी गढ़ गई

हम विकल्पों में सदा
चिन्तित रहे, आतुर रहे
और बस दो बूँद को
व्याकुल सभी अंकुर रहे
हर भविष्यत् की किरण
खाली हथेली पढ़ गई

आज तो हर मोड़ पर
टकराव है या शोर है
क्या करे इन्सान, अपने
आप से ही चोर है
फटे पन्नों को मिलाकर
ज़िल्द जैसे मढ़ गई
जगदीश पंकज
About the poet

जगदीश पंकज

View profile & all 24 Poems / Stories