तिरी डगर को मैं अपनी नज़र में रखती हूँ
हज़ार फूल तिरी राहगुज़र में रखती हूँ
मैं तेरी याद को आँचल में बाँध लाई हूँ
तिरे ख़याल को ज़ाद-ए-सफ़र में रखती हूँ
तू एक पल भी जुदा मुझ से हो नहीं सकता
मैं तेरी याद को शाम-ओ-सहर में रखती हूँ
मिरी वफ़ाओं की गर्मी से तू भी पिघलेगा
इक ऐसा शो'ला मैं अपने जिगर में रखती हूँ
मुझे डराएगा कैसे ये पानियों का मिज़ाज
मैं अपनी कश्ती हमेशा भँवर में रखती हूँ
तलाश करते हो तुम मुझ को चाँद के अंदर
मैं अपने चेहरे का परतव क़मर में रखती हूँ
'इरम' ने शे'रों से सब को असीर ऐसे किया
कि जैसे जादू मैं अपने हुनर में रखती हूँ








