दर्द मुश्तरक - नज़्म

हुमैरा राहतहुमैरा राहत

1 min read · 12.4K reads

मैं अब तक ये समझती थी

कहानी का न दिल है

और न गोयाई

सलीक़ा ही नहीं इंकार का इस को

हमेशा लिखने वाले की

रज़ा पर छोड़ देती है

वजूद अपना

कभी मुँह से नहीं कहती

कि मुझ को इस तरफ़ मोड़ो

जिधर मैं चाहती हूँ

और यहाँ तक कि

कई किरदार मर जाते हैं

फिर भी आँख से इस की

कभी आँसू नहीं गिरते

कहानी कितनी साबिर है

कभी आग़ाज़ ही मिलता नहीं इस को

कभी अंजाम से महरूम रहती है

कभी ऐसा भी होता है

कि अफ़्साने का ख़ालिक़

अपने अफ़्साने में इस को

पाँव भी धरने नहीं देता

तो ये ख़ामोशी सी

इक कर्ब की चादर में

अपना मुँह छुपाए

लौट जाती है

कोई शिकवा नहीं करती

मगर कल शब

मैं जब तन्हाई में बैठी

कहानी लिख रही थी तो

मुझे ऐसा लगा जैसे

वरक़ पर एक आँसू है

जो मैं ने ग़ौर से देखा

जहाँ औरत लिखा मैं ने

वहीं वो अश्क टपका था

हुमैरा राहत
About the poet

हुमैरा राहत

उपनाम : 'राहत' जन्म : रहीम यार ख़ान, पंजाब

View profile & all 26 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like