अफ़सोस-दर्पण

हेमंत शेषहेमंत शेष28 Sept 1952

1 min read · 12.5K reads

त्रास गिरते हैं आसमान से गरजते हुए बिजली की तरह

और मृत्यु, एक नि:शब्द चौकन्नी बिल्ली :

हर शोर और चुप्पी समेत

ख़राब दिन बिना किसी चेतावनी के आते हैं इसी तरह

सूख जाते हैं पेड़ और समुद्र, सभ्यताओं को निगल जाते हैं

पूछते हैं हम एक दूसरे से :

आप कैसे हैं?

संसार के मर्तबान में खौलते तले जाते हम

एक झीनी रोशनी में उबलती अकुलाती पारदर्शी छायाओं की तरह हैं

सिर्फ आत्माविहीन त्वचाएँ

जैसे चिथड़े और चिंदियाँ हवा में लावारिस उड़ते हों

वक़्त का जबड़ा क्रूरता से हम पर हँसता है

लोग आर्त्तनाद की सूरत में गाते हैं अभ्यर्थनाएँ

गाते जाते हैं...

जलते उबलते

ऊपर-ऊपर से ख़ुश एक दूसरे से प्रश्न करते :

'नमस्ते... भाई साब! कैसे हैं आप?'

संसार का एक पुराना सवाल :

सबसे एक-सा झूठ बुलवाते हुए

कि हम कैसे हैं?

हेमंत शेष
About the poet

हेमंत शेष

सुपरिचित हिंदी कवि, कला-आलोचक, शौक़िया छायाकार, संपादक और चित्रकार। जन्म : 28/12/1952 | जयपुर, राजस्थान हेमंत शेष का जन्म 25 दिसम्बर 1952 को जयपुर, राजस्थान में एक संपन्न और शिक्षित परिवार में हुआ। पिता पेशे से वकील थे और कविताएँ लिखते थे। कविता-लेखन की प्रेरण…

View profile & all 20 Poems / Stories