क़िले की छाया में पहुँचते न पहुँचते
सुनता हूँ हज़ारों चीख़ें आग के रंग से भी ऊँची
हज़ारों-हज़ार घोड़े चिंघाड़ते
ख़ून से सनी दिखती तलवारों की चमक
तोपों के धमाके और बारूद की गंध
लौह-कपाटों को तोड़ने के लिए उनसे सिर फोड़ते हाथी
लड़ते-कटते-मरते-गिरते
कबंध ही कबंध हैं यहाँ
और उनसे बोलते-बतियाते हुए खंडहर
चित्तौड़गढ़ दुर्ग के आख़िरी योद्धा के मुँह से
निकला होगा आख़िरी शब्द
‘आज़ादी’
जो हवाओं में चौतरफ़ गूँज रहा है
खंडहरों मंदिरों स्तंभों से टकरा कर लहूलुहान
बस एक शब्द ׃ बार-बार लगातार
जो इस क़िले की सूरत में
हर इतिहास और देशकाल में
ग़ुलामी का सब से प्रबल और स्थायी प्रतिपक्ष है
शब्द :
नंद चतुर्वेदी की एक बेहतरीन कविता ‘किला’ की याद दिलाता हुआ!








