दूसरे बच्चे

हेमंत कुकरेतीहेमंत कुकरेती13 Mar 1965

1 min read · 12.4K reads

जब वे अपने बच्चे के लिए

खिलौने ख़रीद रहे होते हैं

उन्हें एक बच्चा

उम्मीद से देखता है

वह भी बच्चा है

वे फ़ुरसत में

उस पर बहस करते हैं

कोई शब्द

उस बच्चे के ख़ाली पेट

और रीती आँखों को नहीं देखता

वे हँसते हैं

अपने बच्चे को हँसता देखकर

इतने ज़ोर से कि

दुनिया के दूसरे बच्चे

अपनी भूखी नींद से उठकर

रोने लगते हैं

अपने बच्चे को वे

हँसने का सलीक़ा सिखाते हैं कि

अगर वह हँसे उनकी तरह

तो उसे मिलेंगे

और भी अच्छे खिलौने

न जाने कहाँ से सुनकर

उनकी आवाज़

कुछ बच्चे अपनी फटी क़मीज़ों के नीचे

छुपा लेते हैं रात की रोटी

हेमंत कुकरेती
About the poet

हेमंत कुकरेती

सुपरिचित कवि। भारतभूषण अग्रवाल पुरस्कार से सम्मानित। मूल नाम : हेमंत कुकरेती जन्म : 13/03/1965 | गढ़वाल, उत्तराखंड

View profile & all 15 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like