सूत्रधार

हरि मृदुलहरि मृदुल

1 min read · 12.4K reads

मेरी वेशभूषा पर मत जाइए

मेरे सपाट कथनों-उपकथनों पर भी मत जाइए

मेरी भंगिमा और भावों पर तो क़तई मत जाइए

कथानक का हर सिरा मेरे हाथ

मेरे हाथ में सारी घटनाएँ और वातावरण

मेरे इशारे से ही मुख्य अभिनेता-अभिनेत्री सहित

हर छोटे-मोटे अदाकार का मंच पर अवतरण

कलाकार तो जैसे कठपुतली

मेरे ही हाथों में वह अदृश्य डोर

जिसे खींचते ही होने लगता हास-परिहास या रुदन...

लेकिन देखा गया इधर कि कहानी का सूत्र बड़ी कुशलता से थामे

सूत्रधार के मन में एक और ही कहानी चल रही...

आख़िर कौन कमबख़्त आया था इस जहाँ में

सूत्रधार बनने

किरदार तो मुख्य अभिनेता का ही अदा करना था...

हरि मृदुल
About the poet

हरि मृदुल

View profile & all 50 Poems / Stories