मैं बाज़ार में

हरि मृदुलहरि मृदुल

1 min read · 12.4K reads

मैं तो जगा हुआ था भाई

न जाने कब हुआ उनींदा

कब आईं मुझे झपकियाँ

कब नींद आ गई एकदम गहरी

नींद में चलने की बीमारी भी

पता नहीं कब लगी मुझे

गहन नींद में ही उठ अक्सर

कहाँ-कहाँ तक जा पहुँचा हूँ

पता नहीं किन-किन रस्तों से

इस खाई तक आ पहुँचा हूँ

अब की नींद खुली तो पाया

चकाचौंध के बीच खड़ा मैं

चमकीली चीज़ों के पीछे

जाने कब से गिरा पड़ा मैं

पूरी तरह अब घिरा हुआ हूँ

फिर-फिर ख़ाली जेब देखता

बीच बाज़ार में

मैं बाज़ार में

हरि मृदुल
About the poet

हरि मृदुल

View profile & all 50 Poems / Stories