एक सिल्वर जुबली फ़िल्म की बात

हरि मृदुलहरि मृदुल

1 min read · 12.4K reads

 

एक बूढ़े हीरो की ज़ुबानी

मध्यांतर तक समझता रहा था कि 
फ़िल्म का हीरो मैं हूँ
मध्यांतर के बाद अचानक पाया कि 
मैं तो विलेन में बदल चुका हूँ
और जिसे मैं फ़िल्म की शुरुआत से ही विलेन 
समझ रहा था
असली हीरो की दावेदारी उसने ठोक दी थी
मारक मुस्कराहट के साथ हीरोइन 
उसकी बाँहों में थी
मैं ठगा-सा देखता रह गया था

वह एक बहुत पुरानी फ़िल्म थी
जिसके लिए मैंने कामना की थी
कि फ़्लॉप साबित हो
एक भी दर्शक न मिले
लंबे समय तक सिनेमाघरों में 
लगी रही

सिल्वर जुबली!!

हालाँकि इस बात को 
अरसा बीत चुका
मेरे सिवा अब इस फ़िल्म का कोई 
नामलेवा नहीं
दुनिया तो कब की भूल चुकी है कि
ऐसी भी कोई फ़िल्म कभी रिलीज़ हुई थी

हरि मृदुल
About the poet

हरि मृदुल

View profile & all 50 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like