वह स्त्री झूम रही थी
जैसे मस्ती में
तनिक उपहास के अंदाज़ में मुस्कुराती
खिलखिलाकर हँसती एक लंबी हँसी
फिर करती अट्टहास
दाँत पीसती
विलाप करती नानाविध
भूखी-प्यासी होने का स्वाँग करती
फिर काँपने लगती थर-थर-थर
बताया गया कि देवी आई है
गोदावरी के ऊपर
सामने हाथ जोड़े जो बैठा है उकड़ूँ
वह उसका मरद है—देव सिंह
देव सिंह कई बरस बाद
आज ही लौटा है परदेस से पहाड़
‘मैं तेरी कुल देवी हूँ
भूल गया जिसे तू पाँव रखते ही देहरी के बाहर
मैंने ही खिलाए तेरे घर में फूल
सुखा सकती हूँ मैं इन्हें पल भर में’
कह रही थी आँसुओं में डूबी देवी
तीव्र आवेश में—
‘अब देना पड़ेगा पूरा हिसाब’
‘परमेश्वरी ज़रूर होगी पूछ-परख
भेंट चढ़ाऊँगा
सेवा करूँगा
कर दो क्षमा’—
देव सिंह देवी के सामने गिड़गिड़ा रहा था
मुझे सिवाय गोदावरी के कोई और देवी
नज़र नहीं आ रही थी








