क्या जानते हो

हरे प्रकाश उपाध्यायहरे प्रकाश उपाध्याय

1 min read · 12.5K reads

नदी में तैरते हुए सोचता हूँ

पानी नदी के बारे में क्या जानता है

नदी से पूछता हूँ

तुम पानी की हो या मेरी

नदी कोई जवाब नहीं देती

वह हवा की और इशारा करती है

धूप से आँख-मिचौली खेलती हवा के बारे

हम क्या जानते हैं?

कोई किसी के बारे में क्या जानता है?

एक स्त्री जो रोज़ चूल्हा जलाती है

आग के बारे में क्या जानती है

आग ही आग के बारे में क्या जानती है

मैं उदास हूँ तो मित्र

तुम भी उदास हो जाते हो

मेरी उदासी में

किसकी हँसी शामिल है

तुम क्या जानते हो?

हरे प्रकाश उपाध्याय
About the poet

हरे प्रकाश उपाध्याय

View profile & all 50 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like