इस बरस फिर

हरे प्रकाश उपाध्यायहरे प्रकाश उपाध्याय

1 min read · 12.4K reads

इस बरस फिर बारिश होगी

मगर पानी

सब बह जाएगा समुद्र में

बता रहे हैं मौसम विज्ञानी

इस बरस पौधों की जड़ सूख जाएगी

मछली के कंठ में पड़ेगा अकाल

ऐन बारिश के मौसम में

इस बरस फिर ठंड होगी

और ठिठुरेंगे फुटपाथी

महलों में वसंत उतरेगा इस बरस फिर

जाड़े के मौसम में

बिने जाएँगे कंबल

मगर उसे व्यापारी हाकिम हुक्मरान

धनवान ओढ़ेंगे

सरकार बजट में लिख रही है यह बात

इस बरस फिर आएगा

वसंत

मगर तुम कोपल नहीं

फोड़ पाओगे बुचानी मुहर

इस बरस फिर

लगन आएगा बता रहे हैं पंडी जी

मगर तुम्हारी बिटिया के बिआह का संजोग नहीं है

करीमन मोची

इस बरस फिर तुम जाड़े में ठिठुरोगे

गरमी में जलोगे

बरसात में बिना पानी मरोगे

सराप रहे हैं मालिक

अपने आदमियों को।

बढ़ई इस बरस चीरेगा लकड़ी

लोहार लोहा पीटेगा

चमार जूता सिएगा

और पंडीजी कमाएँगे जजमनिका

वेदमंत्र बाँचेंगे

पोथी को हिफ़ाज़त से रखेंगे

और सब कुछ हो पिछले बरस की तरह

आशीर्वाद देंगे बह्मा, विष्णु, महेश...!

हरे प्रकाश उपाध्याय
About the poet

हरे प्रकाश उपाध्याय

View profile & all 50 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like