पड़ोसी नहीं था

हरभजन सिंहहरभजन सिंह

1 min read · 12.4K reads

कोई नहीं कोई नहीं

वह मेरा कोई भी नहीं

मेरे पड़ोस में रहता वह

मेरा पड़ोसी नहीं था

उसे ले गए वे

जो जब आते हैं रात हो जाती है

गली की इस चुप्पी को

मैं सिर्फ़ इतना भर जानता हूँ

एक बार जल्दी-जल्दी गुज़रते हुए

मैंने उसकी नेम-प्लेट चोर आँखों से पढ़ी थी

या कभी-कभी गली के नुक्कड़ पर

बे-दरवाज़ा दीवार पर लगे

नए और पुराने इश्तिहार

बड़े गौर से पढ़ते उसे देखा था

वे आए जीप में

हथकड़ियों समेत

चीखते बूटों समेत

बेवजह

वह जब अपने जलूस में

गली में से गुज़रा

मैं अपने घर के सामने

दीवार पर लगे इश्तिहार-सा हाज़िर था

उसने गली के सभी इश्तिहारों को

एक-एक करके देखा

और फिर चुपचाप जीप में जा बैठा

कोई नहीं कोई नहीं

वह मेरा कोई नहीं था

जीप चली गई तो लगा

यह गली एक दरिया थी

जो अभी-अभी सूखा है

यहाँ एक पेड़ था

जिसके पंछी-पत्ते अचानक

उड़ गए हैं कहीं

घर की दुछत्ती पर

एक कबाड़-बक्सा है

उस में खुरदरा, ज़ंग लगा

एक चाकू है, बेवजह

कोई नहीं कोई नहीं

वह मेरा कोई नहीं था

मेरे पड़ोस में रहता वह

मेरा पड़ोसी नहीं था।

हरभजन सिंह
About the poet

हरभजन सिंह

पंजाबी के सुप्रतिष्ठित कवि, आलोचक, अनुवादक और संस्कृति-समीक्षक। साहित्य अकादेमी पुरस्कार से सम्मानित।

View profile & all 18 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like