ऐ शहर-ए-सितम-पेशा बता किस को सदा दूँ
अब कौन रहा है जिसे पैग़ाम-ए-वफ़ा दूँ
शामिल मिरी साँसों में है सदियों की अज़िय्यत
आ गर्दिश-ए-दौराँ मैं तुझे भी तो दुआ दूँ
अश्कों के गुहर भी तो नहीं पास मिरे अब
मैं सोच रही हूँ ग़म-ए-दौराँ तुझे क्या दूँ
डरती हूँ बिखर जाएगी ख़ाकिस्तर-ए-जाँ भी
बुझते हुए शो'लों मैं तुम्हें कैसे हवा दूँ
वो लोग जो सरगर्म-ए-तकल्लुम हैं सर-ए-बज़्म
कैसे उन्हें आदाब तकल्लुम के सिखा दूँ
ऐ रात सराबों के सिवा कुछ न मिलेगा
मैं दिन के उजाले में अगर शम्अ' जला दूँ
'गुलनार' सर-ए-शाख़-ए-चमन लाला-ओ-गुल को
दे दे वो इजाज़त तो महकने की अदा दूँ








