रमण महर्षि, तुमने उपदेश किया था बार-बार
पहचानो
मैं हूँ कौन?
नहीं होता जन्म-मरण, दुख और वियोग
नहीं हूँ दो—एक हूँ सिर्फ़
सभी मैं ही हूँ—एक हूँ सिर्फ़।
सुना मानव का हृदय-विदारक विलाप
संतान-वियोग में माँ का
देखा असहय दर्द
वियोग में प्रेमी-प्रेमिका के
पर अर्थहीन है यह सब।
किसका किससे वियोग
किसने किसको त्यागा
दो नहीं, सिर्फ़ एक
है अनश्वर, होता नहीं वियोग।
मैं जो हूँ जगत है
जगत जो है मैं हूँ
मैं—
नहीं हूँ शरीर नश्वर
नहीं हूँ मन चंचल
नहीं हूँ जीवन-मरण से युक्त
जिसका नहीं होता आदि
नहीं होता अंत
काल और देश से परे
आत्मा हूँ।
लगता है सुनने में, सही है
लेकिन ऐसा नहीं कि समझ गया हो
क्योंकि है यह आत्म-ज्ञान
कल्पना की पहुँच से परे
जो मिलेगा साधना के प्रकाश में
योगी की तपस्या में।








