अपनी औकात

एलांगबम नीलकांत सिंहएलांगबम नीलकांत सिंह

1 min read · 12.4K reads

ख़राब है यह ज़माना

चुप रहो। मत बोलो ज़ोर से

अगर सुन ली गई ऊँची आवाज़

तो बन जाएगा उपहास।

मत देखो गौर से सामने

अपनों के चेहरे पर

देखोगे तो पैदा होगी अवश्य

सहानुभूति।

छोड़ दो रास्ता, सरकार की इस सड़क पर

जाने दो बैण्ड पार्टी को

अधिकारियों के प्रोसेशन को

हमारे-तुम्हारे लिए तो किनारे हैं सड़क के

चलना चाहिए सिर झुका कर।

सीखो हँसना भी

अनिवार्य हो हँसना तो

दिखाना वर्जित है रुआँसी सूरत

सरक जाओ पीछे के दरवाज़े की तरफ़

पोंछ लो एक-दो बूँदें आँसू की चुपचाप आँखों के कोर से।

और सुन लो आकाशवाणी इम्फाल से

रात के साढ़े सात बजे

शायद हो हमारा-तुम्हारा समाचार भी।

शायद न हो समाचार उतना नया

होंगे आशा के, निराशा के

चाहत और अनचाहत के कई समाचार

परंतु हो भी सकता है कभी

कोई एक समाचार

हमारे तुम्हारे लिए।

एलांगबम नीलकांत सिंह
About the poet

एलांगबम नीलकांत सिंह

मणिपुरी भाषा के प्रमुख कवि और समालोचक। साहित्य अकादेमी पुरस्कार से सम्मानित।

View profile & all 14 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like