ज़ेहन में और कोई डर नहीं रहने देता - द्विजेन्द्र द्विज

द्विजेन्द्र द्विजद्विजेन्द्र द्विज10 Sept 1962

3 min read · 12.4K reads

ज़ेह्न में और कोई डर नहीं रहने देता
शोर अन्दर का हमें घर नहीं रहने देता

कोई ख़ुद्दार बचा ले तो बचा ले वरना
पेट काँधों पे कोई सर नहीं रहने देता

आस्माँ भी वो दिखाता है परिन्दों को नए
हाँ, मगर उनपे कोई ‘पर’ नहीं रहने देता

ख़ुश्क़ आँखों में उमड़ आता है बादल बन कर
दर्द एहसास को बंजर नहीं रहने देता

एक पोरस भी तो रहता है हमारे अन्दर
जो सिकन्दर को सिकन्दर नहीं रहने देता

उनमें इक रेत के दरिया–सा ठहर जाता है
ख़ौफ़ आँखों में समन्दर नहीं रहने देता

हादिसों का ही धुँधलका–सा ‘द्विज’ आँखों में मेरी
ख़ूबसूरत कोई मंज़र नहीं रहने देता
द्विजेन्द्र द्विज
About the poet

द्विजेन्द्र द्विज

View profile & all 41 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like