मेरे बिना - दिनेश्वर प्रसाद

दिनेश्वर प्रसाददिनेश्वर प्रसाद4 Sept 1932

4 min read · 12.4K reads

आओ, यहाँ बैठो
यहाँ से भी तो देख सकती हो उड़ते हुए बादल
क्षितिज़ की आँखों में काली पुतली जैसे
उड़ते हुए पँछी
यहाँ से भी बालू पर चमकती हुई नदी
पतझर में नँगे होते पेड़
पैरों के पास से दूर तक फैली हुई हरियाली
सब कुछ देख सकती हो

आओ यहाँ
नीचे ज़मीन पर मेरे साथ बैठो
पहाड़ पर जाकर
क्या देखना चाहती हो ?
वहाँ अकेले में
मन उदास होगा
पेड़ बौने दिखेंगे
नदी आँसुओं से डबडबाई असहाय
खोई-खोई-सी लगेगी
बस, कुछ बड़े हो जाएँगे बादल
कुछ अधिक दूर तक फैल जाएगा क्षितिज
कुछ वायवी दिखेगी हरियाली

लेकिन क्या
तब भी
वहाँ बहुत-बहुत अकेला
नहीं लगेगा तुम्हें
मेरे बिना ?

(14 जनवरी 1986)
दिनेश्वर प्रसाद
About the poet

दिनेश्वर प्रसाद

View profile & all 54 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like