सँकल्प - दिनेश्वर प्रसाद

दिनेश्वर प्रसाददिनेश्वर प्रसाद4 Sept 1932

5 min read · 12.4K reads

मुझे अपना ईसा स्वयं होना है
अपना सलीब स्वयं ढोना है
और हर बीते क्षण की समाधि से
हर नए क्षण में पुनर्जीवित होना है
और अपने जीवन के समस्त पातकों को
स्वयं क्षमा करना है, स्वयं धोना है

मैंने सोचा था —
फ़सल जब पकेगी, काट लूँगा
फूल जब खिलेंगे, तोड़ लूँगा
बिना खिड़की खोले प्रभात के आतप को
अपने हिस्से में सबसे ज़्यादा बाँट लूँगा

किन्तु
बिना चोट सहे, बनने का सुख
बिना क्षार हुए, बसने का सुख
बिना धुँधुआए अपनी ओदी लकड़ी को
यज्ञ की अग्नि-सा जलने का सुख
                                    किसने पाया है ?
                                    किसी ने पाया है ?

अपना गुलाब खिलाने को
मेरे रूधिर को खाद बनने दो
अपना वसन्त लाने को
मेरे पतझर को सड़ने दो, गलने दो
अपना उदयाचल पाने को
मेरे असंख्य अभियानों को
गुमराह होने दो
हाथ मलने दो !
दिनेश्वर प्रसाद
About the poet

दिनेश्वर प्रसाद

View profile & all 54 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like