हमारी आग - दिलीप शाक्य

दिलीप शाक्यदिलीप शाक्य

4 min read · 12.4K reads

ये किसके जासूस हैं
छिपकर बैठ गए हैं
हमारे बैठने खाने और सोने के कमरों में

कि हमारी नींद तक से चली गई है
हमारे दालानों बरामदों और खलिहानों की धूप

हमारे पैरों से
खिसकती जा रही है हमारी धरती
हमारी हवा हमारा आकाश हमारा पानी
हमसे हो रहा है दूर लगातार

हमसे छीनकर हमारी आग
किसने रख ली है अपने रेफ़्रीजिरेटेड गोदामों में
कि हमारी आत्मा तक में भर गई है सीलन
अन्धेरे में डूब रही है विरोध में तनी माँसपेशियों की चमक

उठो शिराओं में उबलने दो ख़ून का मिज़ाज
उठो खुलने दो तालू से चिपकी हुई ज़बान
उठो कि इस बार हम सब मिलकर
छुड़ा लाएँ हमारी आग

कि हमारी दुनिया को बहुत तेज़ ज़रूरत है
रौशनी की
दिलीप शाक्य
About the poet

दिलीप शाक्य

View profile & all 6 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like