गहरी नींद का ताला तोड़कर
एक सपना बड़े सबेरे बाहर आकर
साकार हुआ—
सभी नागरिक निकल पड़े हैं
घर से बाहर
सूर्य की तरफ़ हेरते
खड़े हो गए पूरी पृथ्वी पर
उनके भीतर बसा हुआ जल
आंदोलित होकर
उठता जाता अंतरिक्ष में
लगा रही है प्राण वायु
आकाश में मेघों के पोस्टर
कई रंग के
सबकी आवाज़ें उठ रहीं गगन में
चमकने लगी बिजलियाँ
गरजने लगे मेघ
वर्षा उतरने लगी पृथ्वी पर
लौटने लगा सबके पास सबका जीवन
खुलने लगी उजली दिशाएँ
किनारों पर ठिठकी खड़ी नौकाएँ
पार उतारने लगीं सबको
लोकनेत्री पृथ्वी पर
सब साथ चले
सूर्य के नेतृत्व में
मुक्त हुए सदियों की तालाबंदी से








