रोटी का संविधान - देवेन्द्र आर्य

देवेन्द्र आर्यदेवेन्द्र आर्य18 Sept 1957

4 min read · 12.4K reads

दिल्ली झण्डा और देशगान
साधू जंगल गइया महान ।

सबके सब ठिठक गए आके
लोहे के फाटक पर पाके
टिन का एक टुकड़ा लटक रहा
कुत्ते से रहिए सावधान ।

चेहरे पर उग आई घासें
सड़ती उम्मीदों की लाशें
वे जब भी सोचा करते हैं
उड़ते रहते हैं वायुयान ।

बातों को देते पटकनिया
चश्मा स्याही टोपी बनिया
उन लोगों ने फिर बदल दिया
अपना पहले वाला बयान ।

केसरिया झण्डा शुद्ध लाभ
जैसे समझौता युद्ध लाभ
रस्ता चलते कुछ लोग हमें
देते रहते हैं दिशा ज्ञान ।

एक गीत और एक बंजारा
अाओ खुरचें यह अंधियारा
नाखूनों की भाषा में लिख डालें
रोटी का संविधान ।

रचनाकाल : जून 1979
देवेन्द्र आर्य
About the poet

देवेन्द्र आर्य

View profile & all 37 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like