गर्भवती का गीत - देवेन्द्र आर्य

देवेन्द्र आर्यदेवेन्द्र आर्य18 Sept 1957

5 min read · 12.4K reads

इधर कई दिन से वसंत मुझसे बतियाता है
सिरहाने मंजरियों के गुच्छे रख जाता है

तना-तना सा पेट
बदन कुछ भारी-भारी सा
डाल झुका फलदार पेड़ मन है आभारी सा
जैसे सपनों में सपनों के रंग भर गए हों

लम्बी एक उदास नदी के अंग भर गए हों
कच्ची दीवारों पर कोई चित्र बनाता है

रेशम पल्लू कभी भिंगोता कभी गारता है
बूँद बूँद भरता जाता है कुछ मेरे भीतर
फूलों के धक्के
उठती है मीठी एक लहर
चौके में घुसने से ही उबकाई आती है
ख़ुद करती हूँ सुबह शाम को दायी आती है

कभी-कभी हम कहाँ फँस गए
मन खिझियाता है
अब तक जो मीठा लगता था आज तिताता है

सोच सोच कर डर लगता है
कौन सम्हालेगा
इनकी देखभाल
घर आँगन
नन्हा सा बिरवा

और किसी को नहीं पता है
तुम भी चुप रहना
किसके मुँह पर इंद्र धनुष हो किसके मुँह टोना

भोर भए सपने विभोर कोई तुतलाता है
घर का कोना -कोना जैसे सोहर गाता है
देवेन्द्र आर्य
About the poet

देवेन्द्र आर्य

View profile & all 37 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like