मनमाफ़िक़ और इत्मीनान से
अब एक म्यान में कई तलवारें रहती हैं
इसे समन्वय बहुवचन इत्यादि कह कर
ख़ुश हुआ जा सकता है
और बहुत संभव है इसकी ख़तरनाक निंदनीय व्याख्याएँ
इस वक़्त म्यान की लचीलेपन वाली समाई के बारे में
मुनासिब नहीं होगा कुछ भी कहना
पर एक म्यान में रखी इन तलवारों की तुलना में
वेश्याओं के बिस्तरों के नीचे छिपे
पुराने भोथर छूरे सचमुच तेजस्वी प्रतीत होंगे
इन तलवारों से न तो रक्त-बीज बोने जैसा
कुछ संभव है
और न इनकी टकराहटों से गर्भपात
हाँ! यह नया, मुहावरा ज़रूर अस्तित्व में आया
कि एक म्यान में कई तलवारें रह सकती हैं
पर यह किन-किन के लिए कितना शर्मनाक है
सोचते रहने ही का विषय रहेगा
अलबत्ता फूलदान और क़लमदान के बरअक्स
म्यान को भी रखा जा सकता है
पर इस कोशिश में
दोस्ती और दुश्मनी के फ़र्क़ की तमीज़
ग़ायब रहेगी।








