बर्बरों को
मुग्ध दृष्टि से निहारने के उपक्रम में
भीड़ में कुछ लोग आँखों को पोंछते हैं
कुछ ऐनक को
रेतघड़ी अपना काम करती है जिस तरह
ठीक उसके विपरीत
हड़बड़ी में फेंटा जा रहा है समूचा परिदृश्य
ताशपत्तों जैसा नहीं
नदियाँ, इमारतें बड़ी-बड़ी इबारतें
शामिल हैं इसमें
जिसे कोई भँवर में भूलभुलैया कह रहा है
ज्ञात और अज्ञात के बीच की
एक फुसफुसाहट
अंकुरित हो रही थी जिसमें आशंकाएँ
दाँतों के बीच चिबदा गई हैं
कुर्सियाँ, तस्वीरें, नेम-प्लेट, प्रतिमाएँ
इधर से उधर उलट-पुलट हो रही हैं
ज़ुबानें हड्डियाँ बत्तीसी इत्यादि के एक्स-रे
दे ही नहीं सकते सही रिपोर्ट
फिर भी जाँच पर शक मत करो
कोई दबी और संदिग्ध आवाज़ में
विश्वास दिलाने की असफल कोशिश करता है
आने वाले दिनों के बारे में
बौद्धिक विमर्श, विवाद और ख़ून-खच्चर तक क्रियाकर्म की तरह जारी हैं
किराए पर रोने वाली औरतें
धरने पर बैठी हैं
फ़िलवक़्त वे कोई मदद नहीं कर सकतीं।








