चीते को ज़ुकाम होने से

चंद्रकांत देवतालेचंद्रकांत देवताले7 Nov 1936 – 14 Aug 2017

1 min read · 12.3K reads

बच्ची पूछती है

पापा चीते को ज़ुकाम हो जाएगा तो

वह कहाँ जाएगा?

क्या हो सकता है पापा?

मैं कहता कुछ नहीं हूँ

सोचता हूँ

इस्पात के बीहड़ सपनों को देखते-देखते

कितनी थक गई हैं आँखें

ईंट के भट्ठों के पास

बैठे-बैठे तप गए हैं कितने दिन

अब बच्ची के सोच में

यह जो ज़ुकाम से पीड़ित है चीता

सचमुच होगा दयनीय बेहद

शायद अधिक खाने से हुआ हो ऐसा

वह अब पूछती है

क्या चीता खाँसता-छींकता है

मैं कहता हूँ

हाँ, मैदान काँपते हैं

खोह झन्ना जाती है

वन संकट में पड़ा हुआ

शायद दावाग्नि क

चपेट में आ जाए सब कुछ

वह हँसती है

पूछते हुए

क्या चीता माफ़ी नहीं माँग सकता

उसके उपाय से

चकित कह उठता हूँ मैं

हाँ, यही ठीक है

तो काठ की चिड़ियाओ

मिट्टी के वन्य पशुओं

देखो

आज ख़ुद चीता माफ़ी माँगता है

बच्ची हँसती है

मज़े में

उड़ती चिड़िया जैसी

कहती है

जाओ माफ़ किया चीते को

जब ज़ुकाम ठीक हुआ उसका

मैं उसकी ख़ुशी से स्तब्ध

सोचता हूँ

अब इसे कैसे समझाऊँ

कि गद्दीनशीन होते ही भयावह ढंग से

हिंसक हो जाते हैं जब गिड़गिड़ाते हुए मेमने

तो यह तो चीता है

कितना भूखा हो जाएगा

ज़ुकाम ठीक हो जाने के बाद।

चंद्रकांत देवताले
About the poet

चंद्रकांत देवताले

सातवें दशक के समादृत कवि। साहित्य अकादेमी पुरस्कार से सम्मानित। मूल नाम : चंद्रकांत देवताले जन्म : 07/11/1936 | बैतूल, मध्य प्रदेश निधन : 14/08/2017 | इंदौर, मध्य प्रदेश समकालीन हिंदी कविता के प्रमुख कवि चंद्रकांत देवताले का जन्म एक मध्यमवर्गीय परिवार में 7 न…

View profile & all 50 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like