स्वंय को कभी कमतर आँकने के पश्चात
उठा कर फेंक दिए जाते है सर्वप्रिय मूल भाव
तो कभी ख़ुद गिर पड़ता है मन
किसी छिछली नदी के गहरे जलस्तर में
तो कभी वही मन खूँटी पर टाँग दिया जाता है
पुराने घर की किसी आख़िरी भीत पर
जाड़े की ठिठुरन सबसे मारक नहीं लगती
हड्डियाँ पिटी हुई खाल की चादर ओढ़ लेती है
भूख हवा खा लेती है
और प्यास घोंट लेती है इच्छाएँ
मात्र प्रयासों से मन को बचा पाना उतना ही कठिन है
जितना निर्मम रिश्ते को समीप पाने से बचती है सहिष्णुता
भटकते हुए उसी शहर में पूछते है नया पता
जिसने जन्म दिया पर पालन शिकार बन पूर्वाग्रह का
आतुरता के इस जंजाल से किनारा करने की बौखलाहट में
किसी ठौर भी आग लपक सकती है देह पर उगते नए रोएँ
मेरे कॉमरेड मैं जल्द लौटूँगा इसी देह में








