दिए की लौ मिरी जानिब लपक रही है अब

बिल्क़ीस ख़ानबिल्क़ीस ख़ान

1 min read · 12.4K reads

दिए की लौ मिरी जानिब लपक रही है अब

ये बात सारे जहाँ को खटक रही है अब

ये जान कर कि मिरे सर से आसमान गया

ज़मीन पाँव तले से सरक रही है अब

जो बात बरसों तलक आइने से करती रही

वो तुझ से कहते गले में अटक रही है अब

तुम्हारे वादे के सोने का खोट है देखो

ये मेरे सर में जो चाँदी चमक रही है अब

किसी तरह मुझे ख़ुद को सँभालना होगा

उदासी आँख से बाहर छलक रही है अब

हमारी आँख लगी है घड़ी की सूई पर

हमारी नब्ज़ मुसलसल फड़क रही है अब

बिल्क़ीस ख़ान
About the poet

बिल्क़ीस ख़ान

View profile & all 19 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like