मदारी की लड़की - भारतेन्दु मिश्र

भारतेन्दु मिश्रभारतेन्दु मिश्र5 Sept 1959

3 min read · 12.4K reads

मदारी की लड़की
सपनों की किरचों पर
नाच रही लड़की ।

अपने ही
झोंक रहे चूल्हे की आग में
रोटी-पानी ही तो है इसके
भाग में
संबंधों के अलाव ताप
रही लड़की ।

ड्योढ़ी की
सीमाएँ लाँघ नहीं पाई है
आज भी मदारी से बहुत मार
खाई है
तने हुए तारों पर काँप
रही लड़की ।

तुलसी के
चौरे पर आरती सजाए है
अपनी उलझी लट को फिर फिर
सुलझाए है
बचपन से रामायन बाँच
रही लड़की ।
भारतेन्दु मिश्र
About the poet

भारतेन्दु मिश्र

View profile & all 38 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like