मृत्यु - भारत भारद्वाज

भारत भारद्वाजभारत भारद्वाज25 Sept 1945

4 min read · 12.4K reads

मरने के बाद
आदमी अचानक नहीं गायब हो जाता है
घर से

धीरे-धीरे मिटता है उसका वजूद
घर के कोने-अन्तरे से
एक रोज़ उठाकर
कोई पहन लेता है
उसकी कमीज़
किसी के पाँव में फ़िट बैठ जाता है
उसका जूता
फालतू चीज़ समझकर
कोई ले जाता है उसकी क़लम
और एक दिन उसका बिस्तरा भी
खिसक जाता है
उसके बिस्तर पर सोने वाला
क्या उसी तरह सपना देखता है
उसे भी डर लगता है सपने में ?

मरने के बाद
आदमी
अचानक नहीं गायब हो जाता है
घर से

लेकिन धीरे-धीरे एक दिन
घर से
गायब हो जाती है
उसकी पार्श्व-छाया भी ।

फिर वह देखने के लिए
नहीं लौटता है
किसके हिस्से लगी उसकी आदमियत
उसके जीवन-भर की कमाई जमा-पूँजी !

लेकिन सचमुच मर जाता है
आदमी उसी दिन
जिस दिन अपने लोगों की स्मृतियों से
निकल जाता है ।
भारत भारद्वाज
About the poet

भारत भारद्वाज

View profile & all 14 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like