जब पड़ोस में आग लगी हुई हो
तो मैं कैसे कर सकता हूँ कवि-कर्म
चुपचाप।
मुझे दौड़ जाना चाहिए
बाल्टी-भर पानी लिए
या आग पर खेल जाना चाहिए।
एक कविता आग से बच जाएगी
पड़ोस में फिर सुलगने लगेंगे चूल्हे
बच्चे फिर से किलकारियाँ भरेंगे
मुँडेर पर फिर चहकेंगी चिड़ियाँ
और मैं फिर दाख़िल होऊँगा
कवि-कर्म की ओर।








