ख़ालीपन दौड़ता है पसलियों के बीच धड़कते नन्हे-से दिल में
दिन की रफ़्तार रातों में घुलती चली जाती है
हर बार आशंकाएँ चील की तरह झपट्टा मारती है
हर बार छूट जाता है आदमी अपनी परछाई के साथ—
बिल्कुल अकेला
नमकीन रोशनी में चमकते थे जो लिपे-पुते चेहरे
अँधेरे के आँचल में सिर छुपाए देर तक सुबकते हैं
मृत्यु दिन-ब-दिन आसान हुई जाती है
बेकारों की टोली से कम होते जाते हैं कुछ चेहरे
ज़िंदगी मिट्टी का ढेला
शेयर बाज़ार का साँड़ हुँकारता है किसानों की हड्डियों में
कंप्यूटर की मंदी में अर्थहीन हो जाती है खाद की तेज़ी
जीवन भर थक-हारकर कमाता है किसान एक मजबूत फंदा
बँधा था जो आस की रस्सी से, टूट जाता है वह
ज़िंदगी का रेला!








