डबडबाई आँखें मन में चिड़चिड़ाहट
उँगलियों के पोरों में थरथराता पेन
किताब खोली मुन्ने ने, लकीरों पर निगाह दौड़ाई
सामने फैले पन्नों पर उकेरने लगा
छोटे-छोटे विलक्षण लिपि अक्षर।
बाँस के पिंजरे से पुकारती है मैना
चेहरा उठ गया, पेन थम गया
डगमगाते क़दम धरते दूर जाते विचार
पुरानी कहानियों में, अनेक सपनों में
जाने-पहचाने महलों में, सैनिक शिविरों में,
पहाड़ी चोटियों में, बीच-बीच में बुदबुदाकर जाप करने लगता—
“पढ़ाई तो समय की बर्बादी है
क्या ख़ुद की लिखी पंक्तियाँ
काले लंबे धागे-सी उसके पाँवों में लिपट
उसे वापस लौटा रही थीं?
डपटने-फटकारने को आई माँ
यह सुन सोचने-विचारने लगी
कैसे मानूँ अपने को उससे बड़ा
बिन कुछ समझे-बूझे सूरज की
सुनहरी किताबों को उलटती-पलटती हूँ
लिखने के अभ्यास के बल पर
ध्यान लगा काँपते हाथों से कुछ लिख देती हूँ।
दूर उड़ चले सुख-
जब पुकारते हैं तो-
उतावली हो जा गिरती हैं मेरी
निगाहें धन पाने के रास्तों पर
लोगों की चापलूसी भरे कामों में,
मँडराते फिरते हैं विचार
मन को लुभाने वाले प्रतीक्षित वनों में,
विमूढ़-सी मन ही मन गुनती हूँ
“ज़िंदगी के सार को खोजना समय की बर्बादी ही तो है।
जो कर्तव्य अब तक निबाहे वे जाल फेंक
पाँवों को बाँध पीछे को घसीटने लगे।








