सीधी दिशा में चलने में होती है आसानी
साथ देती है प्रकृति, साथ देता है आसमान
हवाएँ झूम-झूम पथ बुहारती हैं
पेड़, रूख और आरामगाह सब खड़े होते हैं
साथी की तरह नियत यात्रा में
पीर, फ़क़ीर, गाय और कनफट जोगी
आज भी चल रहे हैं उल्टी दिशा में
मैं यत्न कर-करके थक गया
पर हमारा यह राष्ट्रीय कवि
बार-बार क्यों कतरा जाता है
उल्टी दिशा में चलने से
उल्टी दिशा में भँवर खुलते हैं
उल्टी दिशा में मिलती हैं राज़दार सुरंग
उल्टी दिशा में ही अग्नि की नदी पार करने के तुरंत बाद
दिखते हैं रत्नों के पहाड़
उल्टी दिशा में ही कामधेनु गाय मिलती है
उल्टी दिशा में ही मिलते हैं
मनोकामनाएँ पूरे करने वाले वृक्ष
उल्टी दिशा में ही बाबा फ़रीद मिलते हैं
यह ठीक है कि उल्टी दिशा में ज़लज़ले, खाइयाँ, जल्लाद
और ठगों वाले सराय भी मिलते हैं
पर उल्टी दिशा में ही अनहद नाद गूँजते हैं
उल्टी दिशा में ही उठता है अंतःतम से आत्मप्रकाश
उल्टी दिशा में ही बुझती है मन की प्यास
उल्टी दिशा में ही चल मेरे मन।








