पर्व

बद्री नारायणबद्री नारायण5 Oct 1965

2 min read · 12.4K reads

वहाँ मेरी इच्छाओं के वध-पर्व के

बज रहे थे नगाड़े

पशुगण ललकारे जा रहे थे

भाले-बरछे बोल रहे थे जयकारे

मेरी इच्छाओं के वध का पर्व था

जिसे राजा, उसके कारिंदे और

उसके सैनिक मना रहे थे

मना रहे थे आला अफ़सर

मार्केट एक्ज़ीक्यूटिव

चिट फंड के मालिक

विज्ञापन कंपनियों को दिया गया था

उसकी सजावट का ठेका

इसमें राजनेता, कूटनीतिज्ञ और

बाहर से बुलाए व्यापारी

शरीक थे

यह पूरा उत्सव गूँज रहा था दलालों के शोर से

मेरी इच्छाओं को छोड़ भी दें तो

किसी को ईस्ट इंडिया कंपनी का आगमन

अब याद भी न था

हम दक्षिण में खड़े थे

वे दक्षिण से आ रहे थे

हवा से भी तीव्र वेग से भागते काले भैंसों पर सवार

हो गए थे रक्तिम उनके भैंसों के मुख

हमारी इच्छाओं के गिरते ख़ून से

अजब शक्तिशाली एक

पाश था उनके हाथों में

जिसमें बँधते जा रहे थे एक-एक कर

हमारे वीर नायक

उनके अस्त्र, सुदर्शन चक्र से भी ज़्यादा शातिर,

ज़्यादा ख़तरनाक थे

सब कुछ उलट गया था

जो हमारे लिए गाए जाने थे

मंगल गीत

वो उनके लिए गाए जा रहे थे

जिन मंत्रों को हमारी विजय के लिए गूँजना था

वो उनकी विजय पर गूँज रहे थे

जो मांदल बजने थे हमारी जीत पर

वो उनकी जीत पर बज रहे थे

मैं छिपा रहा था अपनी इच्छाएँ

मैं अपनी इच्छाएँ छिपा रहा था

जेसे रेत पर चल रहा कच्छप

अपने भीतर घुसा लेता है अपना मुँह

पर उन्हें खोज लेती थीं उनकी शातिर आँखें

वे मना रहे थे

मेरी इच्छाओं के मारे जाने का उत्सव मना रहे थे

यह अजब मोड़ था सभ्यता के इतिहास का

कि वे ख़ुद ही हमारी इच्छाओं को मार रहे थे

ख़ुद ही उनके मरने का उत्सव मना रहे थे

और ख़ुद ही परलोक में उनकी मुक्ति

के लिए सुन रहे थे गरुड़ पुराण

यह मेरी इच्छाओं के वध का पर्व था

और वे इसे एक राष्ट्रीय पर्व के रूप में

मना रहे थे।

बद्री नारायण
About the poet

बद्री नारायण

सुपरिचित कवि-विचारक। साहित्य अकादेमी पुरस्कार से सम्मानित। मूल नाम : बद्री नारायण जन्म : 05/10/1965

View profile & all 39 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like