आओ लगाएँ एक प्यार का लंगर
बैठकर खाएँ सब जिसके अंदर
पहुँचे उन तक पानी हन-हन
था अंतिम पात जो सदियों से बंजर
आओ लगाएँ एक प्यार का लंगर
हो जले जाति जहाँ लकड़ी-सी
धर्म कटे जहाँ बकरी-सा
जहाँ मन की गाँठ को काटे ख़ंजर
आओ लगाएँ एक प्यार का लंगर
कर्मनाशा को, कब तक हार मिले?
अब तो सेवा को उचित सम्मान मिले
जब नदी पुकारे, तो भाग आए समंदर
आओ लगाएँ एक प्यार का लंगर
इतना मिले कि लौट आए साँस
इतना मिले कि उग आए मांस
और छिप जाएँ सभी के अस्थि-पंजर
आओ लगाएँ एक प्यार का लंगर
हो बोल मीठे तो बात बने
सबके लिए एक ही खाट बने
समझो मुस्कुरा गए बुद्ध
और बदल गया मंज़र
आओ लगाएँ एक प्यार का लंगर








