हमें न दो धन-वैभव
यह साधु की काया है।
चाँदी के पीकदान में थूककर
वह बोला—'सब मोह-माया है।'
मछली की तलाश नहीं
न कोई पकड़कर लाया है।
कटिया कहाँ? कमंडल में जहाँ
पूरा तालाब ही समाया है।
हड्डियाँ बनी थून हैं
ऊपर चर्म की छाया है।
बिछ जाते हैं भक्त यहाँ
पायदान सिरों को बनाया है।
सुनते हैं तपस्वी है वह?
ख़ुद को ख़ूब तपाया है।
महल का सुख भोग सके
इस नियत से मँडवा जलाया है।








