उसके हाथ की रोटी
कभी जली हुई नहीं मिली
क्योंकि वह जानती है
चूल्हे में जलना क्या होता है
वह भूनती है करेला
जैसे भूनती आयी ख़ुद को
बड़ी संवेदनशीलता के साथ
करके धीमी आँच
वह परोसना चाहती है करेले को
पर परोस आती है ख़ुद को
हर बार
अनजाने में ही सही
नमक की थोड़ी-सी मात्रा माफ़िक़
तारीफ़
मॉर्फ़िन का काम कर देती है
वह उठा लेती है सिर पर
सारा बोझ
जिसे लोग काम तो नहीं ही समझते
जब धुएँ की तरह गड़ता है
यह सब उसकी आँखों में
सब समझ जाते हैं
कि अब उसके आँसू गैस में बदल दिए जाएँ
गैसे के चूल्हे रख दिए जाएँ
उसे नमक की तरह एक-दो मॉर्फ़िन
और दिए जाएँ...








