बाबा साहेब का सपना

बच्चा लाल 'उन्मेष'बच्चा लाल 'उन्मेष'

1 min read · 12.4K reads

जब चुगे दाना चिड़िया,

दूर तक कोई जाल न हो

इंसानी देह के ऊपर,

भेड़िए की खाल न हो।

सच तो सच होता है,

उससे क्या सवाल करें हम

धर्म की आड़ में कोई,

ईश्वर का दलाल न हो।

भय, भूख और ग़रीबी,

है चरम पर आज छाई

और कहते हो कि तुम

ईश्वर पर सवाल न हो?

मिले न्याय सभी को बराबर,

अन्यायी को मिले सजा

संविधान के साए में कोई,

बेबस और लाचार न हो।

विषमता की लग्गी हट जाए,

इतनी मिट्टी पट जाए

मिले सहज सभी को फल,

कंधे से ऊपर डाल न हो।

गर हमसे भूलें भी हों,

जलें तो केवल चूल्हे हों

सबके हों सौग़ात भरे,

किसी की ख़ाली थाल न हो।

मिले अधिकार, हक़-हुक़ूक़,

हो उनकी हिस्सेदारी भी

सहानुभूति के चाक़ू से अब,

स्त्री कोई हलाल न हो।

ग़रीबों की पगड़ी गेंद न हो,

इज़्ज़त पर कहीं सेंध न हो

न्याय रखैल बन जाए,

इतना भी कोई मालामाल न हो।

गल जाए खड्ग, भाल-ढाल सब,

प्रेम की दहकती भट्टी में

किसी पीठ के पीछे यारों,

जाति का फेंका भाल न हो।

वंचनाओं का दंश झेले,

मगरमच्छ उससे खेले

रह पानी पर पी न सके,

उस मछली वाला हाल न हो।

उठो जगो, संगठित बनो,

संघर्षों के आदी बनो

क्रांतिकाल के इस बेला में,

कछुए वाली चाल न हो।

सपना उनका स्वर्ग से सुंदर,

मानवता का पाठ पढ़े हम

मिल आपस में साथ रहें

और दिलों में कोई मलाल न हो।

इंसानी देह के ऊपर,

भेड़िए की खाल न हो

बच्चा लाल 'उन्मेष'
About the poet

बच्चा लाल 'उन्मेष'

सुपरिचित कवि। 'कौन जात हो भाई', 'छिछले प्रश्न गहरे उत्तर' और 'बहार के पतझड़' शीर्षक से तीन कविता-संग्रह प्रकाशित।

View profile & all 35 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like