वे ही विवश करती हैं किताबें बेचने पर
वे ही बताती हैं कि क्या सबसे ज़रूरी है आँखों के लिए
वे ही धकेलती हैं मेरे बंधुओं को
होम्योपैथ और ज्योतिष के जड़ संसार में
वे ही कहती हैं कि आज से चाय बंद और कल से अख़बार
वे ही ईश्वर को महत्त्वपूर्ण बना देती हैं
वे ही मूर्खताओं को
मेरे बंधु थक कर अपना व्यतीत याद करते हैं
यह एक विकृत स्मृतिलोक का लक्षण है
जो मौजूद को गुज़र चुके की तरह
बरतने के लिए उकसाता है
जैसे अनगढ़ता स्वयं चुनती है अपनी बनावट
वैसे ही इस सारी घृणित प्रक्रिया से गुज़रते हुए
मैं अकेलेपन को दूर करने के लिए
केवल एक नौकर रखूँगा
जो मुझे लूटकर भागेगा एक दिन
और अँग्रेज़ी का बड़ा कवि बनेगा।








