मेट्रो में रोना

अविनाश मिश्रअविनाश मिश्र

2 min read · 12.4K reads

जैसे रोना चाहिए वैसे नहीं रो रही थीं वे

वहाँ संसद थी और केंद्रीय सचिवालय का मेट्रो स्टेशन

जहाँ से एक लंबी सुरंग से गुज़रकर

मेट्रो रेल दिल्ली विश्वविद्यालय तक जाती थी

बग़ैर धूल उड़ाए मेरे धूल-धूसरित भारत में

यह शासन के अनुशासन में गुज़र जाने का वर्तमान है

और रुलाइयों के व्याकरण पर इसका गंभीर प्रभाव है

यहाँ बेवफ़ाइयाँ हँसमुख और जुदाइयाँ शुष्क थीं

और इस वर्तमान में एक लड़की और उसके साथ दो बच्चियाँ

जो उस लंबी सुरंग में से गुज़र रही मेट्रो रेल के भीतर

बराबर रोए चली जा रही थीं

जैसे रोया जाता है वैसे

जैसे रोना चाहिए वैसे नहीं

मलाई लड़कियों और दैवीय सेलफ़ोन धुनों को बेअसर करती हुई

उन बच्चियों की रुलाई भीड़ में ‘हॉर्न’ की तरह थी

दिल्ली पुलिस के आँख और कान बनने के चक्कर में

लगभग अंधे और बहरे हो चुके नागरिकों

और दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के अब तक के स्वर्णिम अतीत में

यह रुलाई संभवत: पहली बार थी

दिल्ली पुलिस के आँख और कान बराबर पूछताछ कर रहे थे

लेकिन बच्चियाँ अपनी रुलाई से आगे नहीं बढ़ पा रही थीं

और लड़की ख़ुद की चुप से

अंधी और बहरी नागरिकताएँ तब तक चैतन्य नहीं होतीं

जब तक सामान्यताएँ अपवाद में न बदल जाएँ

लेकिन यह चैतन्यता अपंगता ही है

इसलिए एक रूमाल एक क़लम एक ट्रांज़िस्टर बम है

सब मकान मालिक शरीफ़ और सारे किराएदार लुटेरे हैं

पाँच सौ और एक हज़ार रुपए के सब नोट जाली हैं

कहीं कोई मजबूरी बताकर कुछ मदद माँग रहा व्यक्ति ठग है

और यदि यही मजबूरी कहीं कुछ बेच रही है तो माल यक़ीनन चोरी का है

और बच्चे यहाँ तभी रोते हैं जब वे अपहृत होते हैं

और इस अर्थ में मेट्रो में रोना अपहरण में रोना था

मेट्रो में रोना सब गंतव्यों पर रुक-रुककर रोना था

मेट्रो में रोना संसद से जहाँगीरपुरी तक रोना था

मेट्रो में रोना मेट्रो में होना था

अविनाश मिश्र
About the poet

अविनाश मिश्र

View profile & all 64 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like