श्रम की मंडी - अवनीश सिंह चौहान

अवनीश सिंह चौहानअवनीश सिंह चौहान4 Sept 1979

2 min read · 12.4K reads

बिना काम के
ढीला कालू
मुट्ठी- झरती बालू

तीन दिनों से
आटा गीला
हुआ भूख से
बच्चा पीला

जो भी देखे
घूरे ऐसे
ज्यों शिकार को भालू

श्रम की मंडी
खड़ा कमेसुर
बहुत जल्द
बिकने को आतुर

भाव
मजूरी का गिरते ही
पास आ गए लालू

बीन कमेसुर
रहा लकड़ियाँ
बाट जोहती
होगी मइया

भूने जाएंगे
अलाव में
नई फसल के आलू
अवनीश सिंह चौहान
About the poet

अवनीश सिंह चौहान

View profile & all 64 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like